शादी की रस्म के बीच गांव में आ गई बाढ़, फिर नाव से हुई दुल्हन की विदाई
छपरा: बिहार के सारण जिले में गंडक नदी अपना रौद्र रूप दिखाने लगी है। नदी का पानी गांव में घुसने लगा है। जिसके चलते लोग अपने घरों में कैद हो कर रह रहे हैं। शुक्रवार को छपरा के तरैया में अचानक बाढ़ आ गई। इस बाढ़ में एक दूल्हा फंस गया। फिर दुल्हन को विदा कराने के लिए नाव का सहारा लेना पड़ा। दूल्हा ने दुल्हन को विदा कराया और नाव में बिठाकर ले गया।
मामला तरैया के सगुनी का है, जहां एक व्यक्ति की बेटी की शादी के रस्म के बाद शुक्रवार को नाव से दूल्हा-दुल्हन को विदा करना पड़ा। तरैया सीमावर्ती क्षेत्र सगुनी-रामपुररुद्र के रहने वाले दिलीप सहनी की बेटी शिला कुमारी की शादी गुरुवार को थी। शादी के लिए लोग गाड़ियों पर बैठकर लाये। दूल्हा की सजी गाड़ी भी आई, जिसपर दूल्हा सवार होकर ससुराल पहुंचा। लड़की पक्ष वालों ने बारातियों की खूब आव-भगत और स्वागत किया। रात में खाना खाने के बाद कुछ बाराती गाड़ी से वापस चले गए और कुछ रुक गए।
नाव पर बैठा कर दूल्हा-दुल्हन और बारातियों को किया विदा
दूल्हा शादी के लिए दरवाजे पर आया। शादी की रस्म शुरू हुई। लेकिन इसी बीच गंडक के बढ़ते जलस्तर से एकाएक गांव में बाढ़ का पानी घुस गया और वहां बाढ़ जैसे हालात हो गए। जिससे दूल्हा-दुल्हन संग कुछ बाराती भी बाढ़ के पानी में घिरकर फंस गए। अब परिस्थिति ऐसी बनी की सुबह में नाव पर बैठा कर दूल्हा-दुल्हन और बारातियों को विदा किया गया।
कोई टिप्पणी नहीं