Breaking News

टनकपुर में एक लाख पांच हजार की नकली करेंसी के साथ एक गिरफ्तार, हल्द्वानी से लाया था जाली नोट


टनकपुर (चम्पावत) : पुलिस व एसओजी की टीम ने गुरुवार की शाम चैकिंग के दौरान आइटीआइ टनकपुर के पास मोटर साइकिल सवार एक व्यक्ति को एक लाख पांच हजार रुपये की नकली करेंसी के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पूछताछ में उसने बताया कि वह नकली नोट हल्द्वानी निवासी एक व्यक्ति से लाया था और उन्हें टनकपुर में असली के भाव में चलाने की फिराक में था।

थानाध्यक्ष जसवीर सिंह ने बताया कि पुख्ता जानकारी के बाद पुलिस टीम आइटीआइ के पास पहुंची और संबंधित व्यक्ति को पकडऩे के लिए जाल बिछा दिया। मोटर साइकिल संख्या- यूके 06एयू, 5310 को रोककर चैकिंग की गई तो वाहन चालक मुख्तार अली पुत्र अस्पार अली (33) निवासी ग्राम पंडरी, वार्ड चार, सितारगंज, यूएस नगर के पास से एक लाख पांच हजार रुपये की नकली करेंसी बदामद हुई। जिसमें 100 रुपये के नोटों की सात गड्डियों में 68 हजार रुपये, 500 रुपये की एक गड्डी में 37 हजार रुपये थे। आरोपित के पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। बताया कि संबंधित व्यक्ति के खिलाफ धारा 488बी/489सी के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह नकली नोट अपने साथी नितिन राठौर निवासी वार्ड नंबर 17, गली नंबर नौ, रामपुर रोड हल्द्वानी, जनपद नैनीताल से लाया था। जिसे टनकपुर क्षेत्र में असली नोटों के भाव में चलाने की तैयारी कर रहा था। इससे पूर्व भी वह नकली नोटों को जनपद उधम सिंह नगर, चम्पावत व अन्य क्षेत्रों में असली के भाव में चला चुका है।

थानाध्यक्ष ने बताया कि नकली नोटों की सप्लाई करने वाले हल्द्वानी निवासी व्यक्ति की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष जसवीर सिंह चौहान, एसओजी प्रभारी वीरेन्द्र रमौला, उपनिरीक्षक योगेश दत्त, कांस्टेबल मतलूब खान, राकेश रौंकली, मनोज बैरी, दीपक प्रसाद शाकिर अली और कांस्टेबल विजय कुमार शामिल थे।

 

नकली नोट के साथ चम्पावत में गिरफ्तार सितारगंज के युवक से खुल सकती है लोकल नेटवर्क की परतें

टनकुपर में सितारगंज पंडरी के युवक से 105000 के नकली नोट बरामद किये गये है। आरोपित शहर में झाड़फूक का काम करता था। इसके बाद युवक के पास से नकली नोट बरामद होने से गांव में चर्चा का माहौल है। ग्रामीणों का आरोप है कि गिरफ्तार युवक की हाल ही में कुछ दिनों से गलत युवकों के साथ संगत थी। इस वजह से नकली करेंसी के धंधे के तार स्थानीय स्तर पर भी जोड़े जाने की आशंका बनी हुई है। पूर्व में पुलिस ने नानकमत्ता, सितारगंज के कुछ लोगों को नकली करेंसी के मामले में गिरफ्तार किया था। स्थानीय पुलिस ने मामले की आंतरिक जांच शुरु कर दी है।

टनकपुर एसओजी, पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम पंडरी निवासी मुखत्यार अली को 105000 रुपये के नकली नोट के साथ गिरफ्तार किया है। नकली नोट के साथ गिरफ्तार युवक का नाता सितारगंज से जुड़ने पर स्थानीय पुलिस ने भी मामले की जांच शुरु कर दी है। पंडरी के ग्रामीणों, आरोपियों के करीबियों ने बताया कि गिरफ्तार मुख्त्यार अली का परिवार मजदूरी करता है। उसके चार बच्चे है। आरोपित मूल रूप से रिच्छा थाना बहेड़ी जिला बरेली का रहने वाला है। पूर्व में मुखत्यार झाड़फूक का काम करता था।

सूत्रों के अनुसार कुछ दिनों से आरोपित गांव के कुछ संदिग्धों के करीब था। इस वजह ग्रामीण नकली करेंसी के धंधे के तार स्थानीय स्तर पर जोड़े जाने की संभावना जता रहे है। पूर्व में नानकमत्ता, सितारगंज के युवकों के पास से स्थानीय पुलिस ने नकली नोट बरामद किये थे। कोतवाल प्रकाश सिंह दानू ने बताया कि टनकपुर में पंडरी के युवक के पास नकली करेंसी बरामद की सूचना है। पुलिस मामले की स्थानीय स्तर पर पड़ताल कर रही है। अभी तक आरोपित के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा है।



कोई टिप्पणी नहीं